
Uttarakhand Election 2022: देहरादून। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा (BJP) नेता ओमगोपाल रावत (Omgopal Rawat) ने कांग्रेस (Congress) का हाथ थाम ही लिया। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें नरेंद्रनगर विधानसभा (Nrendranagar Assembly) से चुनाव मैदान में उतार सकती है। इसके लिए पार्टी की कल आने वाली आखिरी लिस्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बता दें, कि भाजपा नेता ओमगोपाल रावत काफी समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे। भाजपा द्वारा नरेंद्रनगर सीट पर इसबार भी सुबोध उनियाल को टिकट दिए जाने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का खुला ऐलान किया था। साथ ही अपने वीडियो संदेश में कांग्रेस को ज्वाइन करने की बात भी कही थी।
कई दिनों के इंतजार के बाद आज देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ओमगोपाल रावत को पार्टी की सदस्यता दी। अब उनका कांग्रेस के टिकट पर नरेंद्रनगर विधानसभा से करीब-करीब मैदान में उतरना तय माना जा रहा है।
दरअसल, नरेंद्रनगर विधानसभा सीट पर ओमगोपाल रावत 2002 से अब तक चार चुनाव लड़ चुके हैं। 2007 में उन्होंने तब कांग्रेस प्रत्याशी सुबोध उनियाल को 4 वोटों से शिकस्त दी थी। उसके बाद 2012 में सुबोध उनियाल 401 वोटों से जीते। तब ओमगोपाल भाजपा के सिंबल से मैदान में थे। वह दूसरे नंबर पर रहे। 2017 में ओमगोपाल ने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय ताल ठोकी और उनियाल को कांटे की टक्कर दी।
इस बार ओमगापाल ने टिकट फाइनल होने से पहले ही ऐलान कर दिया था कि यदि भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया, तब भी वे चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगे। हालांकि तब उन्होंने कांग्रेस में जाने का कोई संकेत नहीं दिया था। लेकिन जैसे ही टिकट डिक्लेयर हुए ओमगोपाल ने भाजपा को छोडने और कांग्रेस ज्वाइन करने का खुला ऐलान किया।
अब नरेंद्रनगर विधानसभा में एकबार फिर से सुबोध उनियाल और ओमगोपाल के आमने सामने आने की स्थिति बन गई है। ऐसे में यहां का मुकाबला बेहद रोचक हो जाएगा।