उत्तराखंड

Uttarakhand: नैनीताल जिले को सीएम ने दी करोड़ों की सौगात

हल्द्वानी में 778 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

हल्द्वानी 08 मार्च 2024। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को 778.14 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जिसमें काठगोदाम रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय व अन्य योजनाएं शामिल हैं। कहा कि देवभूमि का मूल स्वरूप किसी भी कीमत पर बिगड़ने नही दिया जाएगा। बनभूलपुरा घटना को अंजाम देने वाले एक-एक दंगाई को सलाखों के पीछे पहुंचाने तक सरकार चैन से नहीं बैठेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय, ड्राइविंग सेंटर सहित यह निर्माण कार्य कई साल पहले तैयार हो जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार द्वारा तमाम ऐसे कार्य किये जा रहे हैं, जो पूर्व की सरकारों ने इच्छाशक्ति की कमी के कारण नहीं हो पाए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी योजना के 10 स्वयंसेवी संस्थाओं को 4 करोड़ 6 लाख 50 हजार के चेक सौंपे।
मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत जनपद की 40 बालिकाओं को 10-10 हजार के चेक दिए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 07 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल और 10 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर दी गई। कृषि विभाग के 25 कृषको को सम्मानित किया गया। बनभूलपुरा घटना में पत्रकारों के दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त होने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से 10 लाख का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर ईजा बैंणी महोत्सव पर आधारित वीडियो भी लांच की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि में लंबे समय से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का खतरनाक षड़यंत्र रचा जा रहा है। सिंचाई विभाग, वन विभाग, नगर निगम सहित अन्य विभागों की सरकारी भूमि पर कब्जे की नीयत से कथित धार्मिक स्थल बनाकर उन्हें कब्जाया जा रहा था। सरकार द्वारा अभियान चलाकर लगभग 3500 एकड अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कहा कि अतिक्रमण अभियान भविष्य में भी चलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इन्फ्रास्क्टचर, पर्यावरण सुरक्षा एवं आधुनिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास के लिए भी विशेष अभियानों का संचालन किया जा रहा है। राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए, राज्य में पलायन को रोकने के लिए, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए और राज्य की आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सरकार द्वारा नीतिगत योजनाओं का खाका तैयार किया गया है।

केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज प्रदेश में विकास की लहर चल रही है। प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। हल्द्वानी शहर की फिजा भी परिवर्तित होने वाली है। प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए अनेकों कार्यों का जो संकल्प लिया है जल्द ही धरातल पर उतरने वाले है।

कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, रामसिंह कैडा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, सुरेश भटट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरम्वाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी पीएन मीणा, नगर आयुक्त विशाल मिश्रा आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button