
देहरादून। सवाड़ चमोली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैन्यधाम के निर्माण को शहीद सम्मान यात्रा का शुभारम्भ किया। इस दौरान नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति की धरती है। यहां के वीर जवानो ंने अलग-अलग युद्धों में अपने आप को समर्पित किया है। मैं इस वीरभूमि को नमन करता हूं।
जनपद चमोली के सवाड़ में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्मारक पर वीर बलिदानी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। जिसके बाद शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ हुआ।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उन शहीदों को नमन जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। इस धरती ने देश में ही नहीं दुनिया में भी अपना नाम स्थापित किया है। कहा कि वीरभूमि के 1 लाख 15 हजार जवान देशसेवा में लगे हैं। 5 लाख सैनिक परिवार उत्तराखंड में हैं। इस भूमि के वीरों को एक परमवीर चक्र, 6 अशोक चक्र, 13 महावीर चक्र हासिल हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे सवाड़ की वीरों की इस धरती को नमन करने का अवसर मिला है। प्रथम विश्वयुद्ध से अब तक इस धरती के वीरों ने आगे रहकर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। आज भी यहां कि नौजवान सेना में जाना सौभाग्य समझते हैं। कहा कि उत्तराखंड ने लाखों वीर सैनिक इस देश को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिक का पुत्र होने के नाते मेरे लिए ये गर्व का विषय है। कहा कि सैनिकों के साथ ही उनके परिवार भी घर के मोर्चे पर संघर्ष करते हैं। यह मैंने खुद महसूस किया है। कहा कि सैनिकों के प्रति केन्द्र एवं राज्य सरकार का समर्पण किसी से छिपा नहीं है। अटल सरकार से लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी के शासन तक वीर सैनिकों और उनके परिवारों को हक दिलाने के हरसंभव प्रयास हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम शहीदों के अभूतपूर्व योगदान को याद रखें, इसलिए उत्तराखंड में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। 13 जनपदों के शहीद सैनिकों के घर-आंगन की मिट्टी लाकर उसे सैन्यधाम के निर्माण में शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि मैं इस वीरभूमि को नमन करता हूं। आज हमारे प्रदेश से हर दूसरे परिवार का सदस्य देशसेवा के लिए सेना में भर्ती है। सूबे के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैन्य धाम के लिए शहीदों के घर-आंगन की मिट्टी को देहरादून लाया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक महेन्द्र भट्ट, मुन्नी देवी शाह, चमोली के भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, डीएम हिमांशु खुराना समेत शहीद जवानों के परिजन आदि मौजूद रहे।