देहरादून

सेना के शौर्य से दुनिया में बढ़ा भारत का मानः धामी

ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरा होने पर कार्यक्रम आयोजित

Operation Sindur : देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गढ़ी कैंट स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में आयोजित ‘ऑपरेशन सिंदूर- शौर्य, सम्मान और वीरता’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को नमन किया।

ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं ने आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर देश की सुरक्षा और सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता का परिचय दिया। कहा कि अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली के चलते दुश्मन की एक भी मिसाइल भारतीय सीमा में प्रवेश नहीं कर सकी और चार दिनों के भीतर पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का सेना से विशेष भावनात्मक रिश्ता है, क्योंकि राज्य के लगभग प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा देता है। सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार सेना को आधुनिक हथियारों और तकनीक से सुसज्जित कर रही है। भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनते हुए 80 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। बताया कि शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना वृद्धि की गई है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान राशि में बढ़ोतरी, सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा और पूर्व सैनिकों को संपत्ति खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत तक की छूट जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

मौके पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी अग्निहोत्री, मेजर जनरल पीएस राणा, उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केजी बहल, सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत, वाइस एडमिरल अनुराग थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button