हरिद्वार

Haridwar: पंचतत्व में विलीन हुए मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी

• सीएम और केंद्रीय मंत्री भी रहे मौजूद, लोगां ने नम आखों से दी विदाई

• बसंत विहार स्थित आवास पर उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने अर्पित की श्रद्धांजलि

हरिद्वार। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि) पंचतत्व में विलीन हुए। उनकी पार्थिव देह को खड़खड़ी श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत देश और प्रदेश के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व उनके बसंत विहार स्थित आवास पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णनन और उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

बुधवार को मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान सेना व पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखण्ड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, डॉ धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, भाजपा महामंत्री संगठन अजेय कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button