देहरादूनहरिद्वार

कुंभ के लिए तैयार करें आपातकालीन कार्ययोजनाः सीएस

देहरादून, 20 अगस्त। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर बैठक की। निर्देश दिए कि संभावित आपदाओं व आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए आपातकालीन कार्ययोजना व क्षेत्र-विशिष्ट प्लान तैयार किए जाएं। उन्होंने पूरे कुम्भ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना तैयार किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक प्लान, इवेक्यूएशन प्लान और फायर कंट्रोल मैकेनिज्म को लेकर एक समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार की जाए, जिसमें भूकंप, बाढ़ और केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल व न्यूक्लियर (सीबीआरएन) आपातकाल जैसी संभावित परिस्थितियों के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार की जाए।

मुख्य सचिव ने बाढ़, भूकम्प व सीबीआरएन आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उपकरणों की खरीद पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका ऑपरेशनल होना, नियमित रखरखाव और सम्बन्धित कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाना भी आवश्यक है।

उन्होंने एटीएस को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्वों व मेले के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएं। मुख्य सचिव ने एआई व आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया। कहा कि कुंभ मेले के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं व अनुभवों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि भविष्य के आयोजनों में इसका उपयोग किया जा सके।

मुख्य सचिव ने कंट्रोल रूम को मजबूत करने और संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय बैठकें कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि कुंभ मेला-2027 एक बड़े स्तर का आयोजन है और इसके लिए सभी विभागों को संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका समेत वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button