Haldwani: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर में रोपे गए पौधे

हल्द्वानी। हरेला महोत्सव के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से विवि परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला ने आम और शरीफा के पौधे रोपकर इसकी शुरूआत की।
कार्यक्रम में रौतेला ने कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल को सराहा। कहा कि विकास कार्यों के दौरान हटाए गए वृक्षों की भरपाई के लिए परिसर में पहले से अधिक पौधे लगाना सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि उनका परिवार वर्ष 2016 से ‘बीज बिखेरो अभियान’ चला रहा है। इसके तहत आम, लीची, आड़ू, खुमानी, प्लम तथा विभिन्न फूलों के बीज वर्षा ऋतु में जंगलों और बंजर भूमि पर बिखेरे जाते हैं, ताकि फलदार और छायादार पौधे विकसित हों। इससे वन्यजीवों को प्राकृतिक भोजन उपलब्ध होने के साथ ही जैव विविधता और हरित आवरण को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर उनकी पुत्री हर्षिता रौतेला ‘बुलबुल’ ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौके पर कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी, विनोद कुमार बिरखानी, डॉ. अनिल कार्की, अनिल नैलवाल, मनोज कुमार आदि मौजूद थे।



