देहरादून

देहरादूनः सेलाकुई में बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

सीएम धामी ने 20.55 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

देहरादून, 19 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास और ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। परिसर में नई सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे कार्य किया जाएगा।

धामी ने कहा कि प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान और ऊधमसिंह नगर के किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण भी जारी है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर देने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला।

वहीं, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने भी प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

मौके पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. गीता जैन आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button