ऋषिकेश

मुनिकीरेतीः बोर्ड बैठक में प्रमुखता से उठीं जनसमस्याएं

ऋषिकेश, 21 जुलाई। नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में क्षेत्र की पेयजल, जलनिकासी, सुरक्षा, विद्युत और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं।

मंगलवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जल संस्थान, पेयजल निगम, सिंचाई, पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अप्रैल से जून तिमाही के आय-व्यय का अनुमोदन, कांवड़ और कुंभ मेले की तैयारियों, वर्षाकालीन व्यवस्थाओं व विकास कार्यों पर चर्चा हुई।

सभासदों ने कई वार्डों में पेयजल लाइन नहीं बिछने, क्षतिग्रस्त नालों के जालों, जलभराव, पुलिस गश्त की कमी, चोरी की बढ़ती घटनाओं, अवैध अतिक्रमण, नशेड़ियों की गतिविधियों, बाहरी लोगों के सत्यापन और पटाखा साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

पेयजल निगम ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। सिंचाई विभाग को नालों की मरम्मत व सफाई के निर्देश दिए गए, वहीं पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और पालिका स्तर पर सीसीटीवी लगाने की पहल करने को कहा गया।

विद्युत विभाग ने स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूकता, अंडरग्राउंड विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों के स्थानांतरण की जानकारी दी। बैठक में सभासदों ने क्षतिग्रस्त शौचालय बंद करने, नई कूड़ा गाड़ी उपलब्ध कराने, नालियों व सड़कों के निर्माण, निराश्रित पशुओं को गौशाला भेजने, चौदहबीघा पुल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, पार्किंग, वॉटर कूलर और राज्य आंदोलनकारियों के लिए स्थान चिन्हित करने संबंधी प्रस्ताव भी रखे।

बैठक में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, सहायक अभियंता पेयजल निगम भूषण सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, अवर अभियंता विद्युत विभाग देवेश अवस्थी, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता जल संस्थान प्रमोद हटवाल, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, लेखाकार प्रद्युमन कृषाली, अवर अभियंता सचिन, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, लिपिक संजय सिंह, अमित सिंह नेगी, अनुज, आकाश कैंतूरा, प्रकाश अवस्थी, कल्याण सिंह नेगी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button