
ऋषिकेश। (शिखर हिमालय)। हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (HIHT) के संस्थापक डॉ. स्वामीराम का 26 वां महासमाधि दिवस 13 नवंबर को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समारोह में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस अवसर पर विनोबा सेवा समिति को स्वामीराम मानवता पुरस्कार 2021 से नवाजा जाएगा।
HIHT के अध्यक्षीय समिति के सदस्य एवं स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (SRHQ) जॉलीग्रांट के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. स्वामीराम के 26वें महासमाधि दिवस के समारोह के लिए संस्थान में व्यापक तैयारियां जारी हैं।
धस्माना ने बताया कि इसी कड़ी में करीब 40 वर्षों से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सामाजिक कार्यों को समर्पित संस्था ‘विनोबा सेवा आश्रम’ को स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2021 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान शिक्षा, स्वास्थ्य स्वावलंबन, गो सेवा, जैविक खेती सहित ग्राम स्वराज्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। पुरस्कार के तौर पर संस्था को गोल्ड मेडल, प्रशस्ति पत्र और पांच लाख रुपये की नगद धनराशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि समारोह में संस्थान से जुड़े कर्मचारियों को भी बेस्ट इंप्लाई अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा संस्थान द्वारा होम-स्टे के संचालन के लिए प्रशिक्षित युवाओं को ‘होम-स्टे उद्यमिता विकास प्रशिक्षण’ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
बताया कि समारोह में HIHT के वार्षिक कैलेंडर-2022 का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही दोपहर में भंडारा आयोजित होगा। जिसमें स्वामीराम के अनुयायी भी शिरकत करेंगे।