रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया शौर्य स्थल का लोकार्पण
बोले- देश की आर्थिक प्रगति में सेना का भी अप्रत्यक्ष योगदान

Shaurya Sthal Dehradun : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल का लोकार्पण किया। साथ ही पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। वहीं उन्होंने शहीद जसवंत सिंह मैदान में वेटरन रैली में शामिल होकर सोल ऑफ स्टील अभियान की शुरुआत भी की। कहा कि सेना का देश की आर्थिक प्रगति में अप्रत्यक्ष योगदान है। देश को जब-जब जरूरत पड़ी उत्तराखंड के वीर अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे।
कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज देश विभिन्न पर्वों को माना रहा है। ये सभी समृद्ध कृषि संस्कृति के पर्व हैं। यह समृद्धि केवल उर्वरक भूमि, खाद, पानी, नई तकनीक आदि से ही नहीं देश की सुरक्षा से भी हासिल हुई। देश सुरक्षित है तभी प्रगति कर रहा है। सीमाएं सुरक्षित नहीं होंगी तो बड़े से बड़े निवेश का कोई महत्व नहीं रह जाता। आज देश आप सबके प्रति भी कृतज्ञता प्रकट कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना के कारण ही सीमाएं सुरक्षित हैं। कहा कि देश को जब-जब जरूरत पड़ी, उत्तराखंड के वीर अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। कारगिल से लेकर विभिन्न युद्धों में उत्तराखंड के वीरों ने अपने हौसले से दुश्मन को पस्त कर दिया। उनके बलिदान व त्याग को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ओतप्रोत हमारे सैनिकों ने देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखा है। भारत की वीरभूमि ने कई वीर दिए हैं। जिन्होंने ये दिखाया है कि शांति की ये भूमि वक्त आने पर दुश्मन को मुंह तोड़ जवाब देना जानती है। आज गोली का जवाब गोलों से दिया जा रहा है। कहा कि दिसंबर तक सैन्य धाम का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, टिहरी संसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, मेजर जनरल संजीव खत्री समेत सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।