स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकली तिरंगा यात्रा
न्याय, संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

देहरादून, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरीश कुमार गोयल की अगुवाई में आयोजित यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता की भावना मजबूत करना और संविधान व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ न्यू कोर्ट बिल्डिंग से हुआ। जो कि प्रिंस चौक, तहसील चौक और दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर पर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। मार्ग में स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी यात्रा का स्वागत किया।
जिला जज हरीश कुमार गोयल ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और भारत की एकता-अखंडता का प्रतीक है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि स्वतंत्रता और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति को समानता, गरिमा और न्याय तक पहुंच मिलना जरूरी है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, एसपी क्राइम, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, देहरादून बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल शर्मा समेत न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, बार एसोसिएशन पदाधिकारी, सदस्य, दून वैली व्यापार मंडल, लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्ता, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।



