
शिखर हिमालय डेस्क
देहरादून। पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बदरीनाथ से कन्याकुमारी तक की यात्रा पर निकले सोमेश पंवार का अपने आवास पर स्वागत किया। इसबीच स्पर्श अभियान की संयोजक आरुषि निशंक ने सोमेश के दूसरे चरण की यात्रा को फ्लैग ऑफ किया।
गांधी जयंती के दिन बदरीनाथ के दर्शन कर देश के चारों धामों की साइकिल यात्रा पर निकले युवा सोमेश पंवार ने देहरादून में पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से उनके आवास पर भेंट की। सोमेश ने स्वयं को स्पर्श अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर उनका आभार जताया। वहीं निशंक ने सोमेश को यात्रा की शुभकामनाएं दी।
निशंक ने सोमेश से हिमालय के महत्व को युवाओं के बीच रखने पर जोर दिया। कहा कि युवा शक्ति ही हिमालय के उद्देश्यों और अभियानों को सफलता के साथ देश और दुनिया में पहुंचा सकती है। सोमेश को इस संदेश को भी युवाओं तक पहुंचाना है। कहा कि स्पर्श हिमालय अभियान विश्व के लिए प्रेरक है। इसमें हिमालय में ज्ञान-विज्ञान, वेद, आयुर्वेद, सुख, शांति, सौंदर्य, योग, गंगा, संजीवनी, समृद्धि, संस्कृति, रहस्य, रोमांच, आस्था और आध्यात्म समाहित हैं।
इसबीच स्पर्श अभियान की संयोजिका आरुषि निशंक ने कहा कि सोमेश सतोपंथ से जिस पवित्र जल को देशभर में संकल्प के रूप में लेकर जा रहे हैं वो एक युवाओं के लिए प्रेरक है। वहीं, सोमेश ने कहा कि उन्हें स्पर्श हिमालय अभियान ब्रांड एंबेसडर घोषित किए जाने पर खुशी जाहिर की। साथ ही ‘विश्व की प्रेरणा-हिमालय’ की टैग लाइन को अपनी यात्रा का मूल आधार बताया। सोमेश ने युवाओं से अपने अभियानो में एक भारत श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, उन्नत भारत को जोड़ने का आह्वान किया।