Dehradun: दादी ने नातिन पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
समाधान दिवस में दर्ज हुई 109 फरियादियों की शिकायतें

देहरादून, 3 अगस्त। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 109 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 75 वर्षीय विधवा माया देवी ने कोविड काल में दोनों पुत्रों की मृत्यु के बाद अकेले रहने और नातिन व उसके मित्र द्वारा कथित उत्पीड़न की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता देखते हुए प्रभारी महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में विधवा भगवान देई ने छोटे पुत्र और बहू पर बड़े पुत्र के हिस्से की भूमि पर कब्जे के प्रयास और धमकी देने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम सदर और क्षेत्राधिकारी रायपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कांवली रोड निवासी सुरेन्द्र कुमार की पुत्र और बहू से जुड़े विवाद की शिकायत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजी गई।
देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर बस सेवा मामले में डीएम ने अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी को तलब किया। लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित कालसी क्षेत्र के छह कृषक परिवारों को पुनर्स्थापन अनुदान नहीं मिलने और सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त मकान का मुआवजा लंबित होने संबंधी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल आख्या और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भूमि पैमाइश, डेयरी में कथित अनियमितताओं, पेयजल के अधिक बिल, सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण, जलापूर्ति बाधित होने, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल फीस माफी व रोजगार संबंधी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई और सीएम पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, एडीएम (प्रशा) स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।