Uttarakhand: दिल्ली से लौटकर सीधे आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे धामी
अधिकारियों से ली भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी, दिए निर्देश

देहरादून। दिल्ली से वापस लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर प्रदेश में अतिवृष्ट की जानकारी हासिल की। उन्होंने डीएम टिहरी और पौड़ी से दूरभाष पर वार्ता भी की। मुख्यमंत्री ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के दृष्टिगत जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली से लौटकर सीधे सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र पहुंचे। उन्होंने आला अधिकारियों से राज्य में भारी बारिश के चलते हुए नुकसान की जानकारी ली। जिलाधिकारी टिहरी व पौड़ी से फोन पर वार्ता कर जनपदों में हुए नुकसान के हालात जाने।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को दृष्टिगत प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखें। सभी सहयोगी संस्थाओं से निरन्तर समन्वय बनाये रखें। जनपदों में खाद्यान्न से संबंधित सभी वस्तुओं के साथ ही दवाओं की भी पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। उच्चाधिकारियों और सचिव आपदा प्रबंधन को भी जिलाधिकारियों से निरन्तर समन्वय बनाये रखने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रदेश में बहुत लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया है। काफी लोग बेघर हुए हैं। ऐसे लोगों के लिए जल्द ही एक योजना लाई जा रही है। बेघर हुए लोगों के पुनर्वास एवं रोजगार के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। जिन बच्चों ने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया है, उन बच्चों के लिए शिक्षा का इस योजना के तहत प्रबंध किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में अतिवृष्टि से एक हजार करोड़ से भी अधिक की परिसम्पति का प्रदेश को नुकसान हुआ है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेश बगोली, सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव सविन बंसल आदि मौजूद थे।