विकास कार्यों के लिए ₹74 करोड़ की धनराशि मंजूर

देहरादून, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, प्रारंभिक और माध्यमिक विद्यालयों की क्षतिग्रस्त संपत्तियों की मरम्मत, शासकीय आवासीय भवनों के निर्माण, गांवों और कार्यालयों के बाढ़ सुरक्षा उपायों, क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण, आपदा से बचाव व हेलीपैड निर्माण के लिए ₹74 करोड़ की धनराशि मंजूर की है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद बागेश्वर के बेडा-मझड़ा (करीमपुर) हेलीपैड निर्माण के लिए ₹8.91 करोड़, गंगोत्री धाम में सीवर लाईन एवं छूटे हुए घरों-सार्वजनिक शौचालयों से संबंधित कार्यों के लिए ₹4.99 करोड़ की योजना स्वीकृत किए जाने के साथ ही अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अन्तर्गत अवशेष धनराशि ₹8.89 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
वहीं आपदा के मद्देनजर विद्यालय परिसरों में सुरक्षा के दृष्टिगत क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं की त्वरित मरम्मत व शिक्षण कार्यों की निरन्तरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के लिए ₹15 करोड़ व प्रारम्भिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के लिए ₹15 करोड़ कुल धनराशि ₹30 करोड़ राज्य आपदा मोचन निधि के पुनर्प्राप्ति व पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृत किया गया है।
उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोडा, चमोली, चम्पावत, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व देहरादून जनपदों को राज्य आपदा मोचन निधि के विभिन्न मदों यथा राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण और तैयारी एवं क्षमता निर्माण के लिए ₹1.08 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किया है।
जनपद ऊधमसिंह नगर के विकासखंड खटीमा के 07 ग्रामों में आवासीय भवनों की नदी-नालों की बाढ़ से सुरक्षा के लिए ₹4.01 करोड़ और भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढा नदी के दांये पार्श्व पर स्थित ग्राम-सिसैया, मेलाघाट व एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा के लिए ₹4.62 करोड़ की योजना स्वीकृत की है।
जनपद चमोली में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2021 से पूर्व ओपन कम्युनिकेशन के तहत आपदा क्षतिग्रस्त मागों को खोले जाने और मलबा हटाने के लिए उपयोग में लाई गई जेसीबी, पॉकलैंड के बीजकों का भुगतान ₹3.18 करोड़ की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि के राहत व बचाव मद से स्वीकृत किया गया। नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर क्षेत्रांतर्गत ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए ₹3.27 करोड़ मंजूर किए गए।
भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली यंत्रों के रखरखाव के लिए ₹2.00 करोड़, सैटेलाइट फोनों के रिचार्ज के लिए ₹1.90 करोड़, विश्व बैंक सहायतित परियोजना के सहयोग से जनपदों में स्थापित उपकरणों के रखरखाव व मानदेय और जोशीमठ भूस्खलन कन्ट्रोल रूम में तैनात विशेषज्ञों के मानदेय के लिए ₹40 लाख, मॉक अभ्यासों के लिए ₹60 लाख और प्राधिकरण में तैनात ईईआरएस. कार्मिकों के मानदेय के लिए ₹18 लाख की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि के क्षमता विकास से अवमुक्त किए गए हैं।
इसके अलावा सीएम ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के चलकुडिया-मसमोली- नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग रखे जाने को मंजूरी दी है।



