देहरादून

Dehradun: राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम ने किया राष्ट्रपति निकेतन और आशियाना परिसर का निरीक्षण

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 12 और 13 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी विभागों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें। उन्होंने विभागों को फिटनेस व क्लियरेंस प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने को कहा।

राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी, जहां वह राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किए जा रहे उद्यान के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगी। इसके लिए परिसर में आवश्यक व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को उद्यान से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

दूसरे दिन राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स व 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के बीच लगातार समन्वय बैठकों का दौर जारी है, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार समेत सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button