Dehradun: सीएम ने सुनीं समस्याएं, दिए निस्तारण के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा व आर्थिक सहायता के मामलों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। यह भी कि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह व पारदर्शी बनाना है। कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान होता है, बल्कि शासन की कार्यप्रणाली में भी निरंतर सुधार होता है।
मौके पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जेसी कांडपाल, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।



