Dehradun: विधायक काऊ ने रखी पुल निर्माण के लिए आधारशिला

देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के डांडा लखौंड में वार मेमोरियल बॉयज एंड गर्ल्स हॉस्टल के समीप नदी पर प्रस्तावित पुल की स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ ने आधारशिला रखी। लोक निर्माण विभाग राज्य योजना मद में चार करोड़ की लागत से पुल का निर्माण करेगा।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने पूजा-अर्चना के बाद प्रस्तावित पुल के निर्माण के लिए नींव का पत्थर रखा। उन्होंने कहा लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा नदी पर पुल की मांग की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जल्द ही लोगों को इसका लाभ भी मिलेगा।
इस अवसर पर पार्षद अभिषेक पंत ने पुल की स्वीकृति और निर्माण के लिए विधायक उमेश शर्मा का आभार जताया। मौके पर लोनिवि अधिकारियों ने बताया कि किमी 1 में 30 मीटर स्पान बार सी.सी. पी.एस.सी. गार्डर सेतु का निर्माण 04 करोड़ की लागत से किया जाएगा।
मौके पर शिवगंगा एनक्लेव जनकल्याण समिति अध्यक्ष कृपाल सिंह बिष्ट, सचिव निशीथ सकलानी, कोषाध्यक्ष कुलदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।