उत्तराखंड

Chardham Yatra: सीएम ने दिए लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश

सचिवालय में अधिकारियों के साथ की राज्य के विभिन्न मसलों की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न मसलों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कहा कि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पंजीकरण की व्यवस्था में और सुधार किए जाने की जरूरत भी बताई।

सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने के लिए गम्भीर प्रयासों की आवश्यकता है। वित्तीय संसाधनों को जुटाने के लिए विभिन्न संभावित सेक्टरों पर फोकस किया जाए। ऊर्जा के क्षेत्र में जलविद्युत संसाधन महत्वपूर्ण है। सोलर सेक्टर पर भी फोकस किया जाए। बिजली में लाइन एंड लॉस भी कम किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। केंद्रीय योजनाओं के संबंध में केंद्रीय अधिकारियों से समन्वय को और बेहतर बनाया जाए। इनमें राज्य स्तर से कोई विलम्ब नहीं होना चाहिए। उन्होंने देहरादून, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के विस्तार के लिए औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करने, पर्वतीय क्षेत्रों में मार्गों के सुधारीकरण और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई। साथ ही नए पार्किंग स्थलों का विकसित करने को भी कहा।

इसके अलावा सीएम ने मायावती आश्रम, पाताल भुवनेश्वर, हिंगला देवी आदि पौराणिक स्थलों के संपर्क मार्गो का सुधार, अलकनंदा होटल के प्रबंधन को बेहतर बनाने को कार्य योजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। सीएम ने सचिवालय में फाइलों के निस्तारण के लिए समय सीमा निर्धारित करने और उसका अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध, राष्ट्रीय राजमार्गों व प्रदेश में कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था के लिए पेट्रोलिंग को बढ़ाने और मुखबिर तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार और प्रसार किया जाए।

समीक्षा बैठक में विद्युत लोकपाल सुभाष कुमार, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द वर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव शैलेश बगोली, आर मीनाक्षी सुन्दरम आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button