
चमोली गढ़वाल। जोशीमठ के तपोवन अंतर्गत लाता गांव की एक महिला ने धौलीगंगा नदी में छलांग लगा दी है। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ ने आज दिन भर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन महिला का कुछ पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा 10 बजे पुलिस को लाता गांव में एक महिला के धौलीगंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नदी का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में महिला का पता नहीं चल पाया।
बताया गया कि नदी में छलांग लगाने वाली नंदी देवी (34) पत्नी यशपाल जोंज तपोवन की निवासी थी। इनदिनों वह अपने लाता गांव आई हुई थी। कोतवाल विजय भारती ने बताया कि परिजनों के मुताबिक कुछ समय से महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने पर वह मायके आई हुई थी।
बताया कि सुबह लगभग साढ़े आठ बजे महिला के भाई अवतार सिंह द्वारा उसे रोकने का काफी प्रयास किया गया, परंतु महिला तेजी से नदी की ओर चली गई। इससे पहले कोई कुछ कर पाता उसने नदी में छलांग लगा दी।