
Rishabh Pant Accident : क्रिकेटर ऋषभ पंत को आगे के इलाज के लिए मुंबई एयरलिफ्ट कर दिया गया है। बीते पांच दिनों से उनका उपचार देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा था। आज उन्हें विशेष चार्टर प्लेन से मुंबई ले जाया गया।
बता दें कि 30 दिसंबर 2022 को दिल्ली से रुड़की अपने घर आते समय तड़के दिल्ली हाईवे पर नारसन के पास कार एक्सीडेंट में ऋषभ पंत घायल हो गए थे। रुड़की के पास सक्षम अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद पंत को दून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मैक्स में उनके सिर और पीठ का एमआरआई करने के अलावा सिर के कट की प्लास्टिक सर्जरी की गई थी। तब से उनकी सेहत में सुधार देखा गया।
बताया जा रहा है कि अब उन्हें लिंगामेंट इंजरी के इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई द्वारा इसकी सहमति दी गई है। आज उन्हें देहरादून से जौलीग्रांट एयरपोर्ट से विशेष चार्टर प्लेन से मुंबई शिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनका आगे का इलाज किया जाएगा।