
कालसी/ देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम युवाओं के सपनो और आकांक्षाओं के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। अब जो कोई भी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ करेगा, उसे उम्रकैद और 10 साल की सजा दी जाएगी। साथ ही संपत्ति भी जब्त कर ली जाएगी।
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना शरदोत्सव क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिभाग किया। कहा कि आखिर कौन हमारे बच्चों के भविष्य को बर्बाद करना चाहता है। हमे इनका उत्तर ढूंढना होगा। हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रहीं है।
धामी ने अपने संबोधन में सीधे सवाल दागे कि आज तक नकल माफिया की पर हाथ क्यों नही डाला गया? किसकी सरकार में आरोपी जेल भेजे गए? क्या किसी मुख्यमंत्री ने नकल माफिया को इससे पहले जेल भेजा? गड़बड़ी की शिकायत पर किसकी सरकार ने परीक्षाएं निरस्त की और शीघ्र दुबारा पेपर कराने की अनुमति दी? किसकी सरकार ने प्रदेश में देश का सबसे कड़ा “नकल विरोधी कानून” लागू किया?
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह भी देखना होगा कि नकल माफिया को बचाने के लिए कोई संगठन तो कार्य नहीं कर रहा है। भरोसा दिलाया कि नौजवानों के भविष्य के साथ कोई अहित नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड को ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड‘ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए युवाओं का सशक्तिकरण एक मुख्य कार्य है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल में युवाओं से जुड़ी योजनाओं को भी सिलसिलेवार गिनाया।
सीएम ने यह की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि सीएचसी कालसी में मानकों के अनुसार सभी मेडिकल स्टाफ के पदों को भरने की स्वीकृति दी जाएगी। विकासखंड कालसी के अंतर्गत इच्छाडी, खड़स, टोंस नदी में नागथात से बोराडांडा तक पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। बुरासी से घणता तक, कालसी से बोनाटखाई तक और चकराता विकासखंड में खाटवा मोटरमार्ग के 03 किमी का नवनिर्माण किया जाएगा।
इन्हें किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, सीडीओ देहरादून झरना कमठान, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान को भी सम्मानित किया।
यह रहे मौजूद
विधायक मुन्ना सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह, भीम सिंह चौहान, रितेश असवाल, आईजी केएस नगन्याल आदि मौजूद रहे।