धामी से मिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आश्वासन
सीएम से की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात, मानदेय 18 हजार करने की मांग

देहरादून। प्रदेश में आंगनबाड़ी वर्करों का मानदेय बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें आश्वासन दिया है। उधर, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने इस पर सैद्धांतिक सहमति बनने की बात कही है। जल्द ही यह प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा।
आंगनबाड़ी संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। बताया कि उनके द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष मानदेय वृद्धि की मांग रखी गई। इसे कम से कम 18 हजार रुपये करने के साथ 7 दिसंबर 2019 से 4 फरवरी 2020 तक आंदोलन के दौरान के काटे गए मानदेय की डिमांड भी की गई।
रेखा नेगी ने बताया कि सीएम के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास कूच को स्थगित किया था। मगर, लिखित आश्वासन मिलने तक कार्य बहिष्कार जारी रखा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मीनाक्षी रावत, महामंत्री सुमति थपलियाल शामिल थी।
उधर, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। कैबिनेट में भी उनकी मानदेय बढ़ोत्तरी की सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है। जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है।