
Uttarakhand Politics: उत्तराखंड में सियासत मौसम की तरह करवट बदल रही है। बयानों के वार, दलबदल की सेंध के बीच अब एक नई खबर मीडिया में तैर रही है। आज कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के एक ही फ्लाइट में दिल्ली रवाना होने की खबर ने हलचल पैदा कर दी है।
बताया जा रहा है कि फ्लाइट में तीनों की नेताओं की एक दूसरे मुलाकात भी हुई। जिसके बाद से इस मुलाकात के मायने तलाशे जा रहे हैं। करीब महीने भर से भाजपा कांग्रेस के बीच दलबदल के बीच इस रवानगी को भी गुणा गणित के बतौर देखा जा रहा है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरक सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बुलावे पर दिल्ली जाने की बात कही है। काऊ भी उनके साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं। जबकि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली गए हैं।
हालांकि कयास यह भी लगाया जा रहा है कि पार्टी हरक सिंह की नाराजगी को दूर करने के लिए उन्हें किसी खास ओहदे से नवाज सकती है। मीडिया रिपार्ट्स में उन्हें चुनाव समिति की बागडोर देने की चर्चा है। हरक सिंह ने भी दिल्ली पहुंचकर कहा है कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निष्ठा से निभाएंगे।