Uttarakhand: सीएम धामी सख्त, दोषियों की संपत्ति करें जब्त
सचिवालय में UKSSSC पेपर लीक प्रकरण पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
UKSSSC Paper Leak: देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों से पुलिस जांच में और तेज़ी लाने, दोषियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी, उनकी अवैध संपत्ति ज़ब्त करने और गैंगस्टर एक्ट व पीएमएलए के तहत कार्यवाही को कहा है।
बुधवार को सीएम धामी ने सचिवालय में यूकेएसएसएससी पेपर लीक (UKSSSC Paper Leak) प्रकरण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान धामी ने कहा कि जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं उन्हें निरस्त कर नए सिरे से चयन प्रक्रिया शुरु की जाए। जबकि जो परीक्षाएं साफ सुथरे ढंग से गतिमान हैं उन्हें समय पर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गड़बड़ी से भर्ती लोगों की नियुक्तियों को निरस्त कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए। यूकेएसएसएससी को अध्यक्ष की नियुक्ति की जल्द जाए।
धामी ने भर्ती प्रक्रिया में समाने आई कमियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने पर जोर दिया। साथ ही सभी विभागों में रिक्तियों को स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से भरने के लिए सरकार की मंशा को भी स्पष्ट किया।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. सुखबीर सिंह संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, विशेष प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अभिनव कुमार, सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगौली उपस्थित रहे।