
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा महिलाओं के दम पर 2024 में राज्य की सभी लोकसभा सीटों को जीतेगी। निकाय चुनाव में भी पार्टी पूरा दमखम लगाएगी। क्योंकि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का सबसे ऊंचा स्थान है। जिनके लिए महिला मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर बूथ स्तर तक जाएंगे। कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए हैं।
स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति में सीएम धामी ने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने 1 वर्ष में हर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए वृद्धावस्था और जीवन पेंशन की राशि को बढ़ाकर ₹500 प्रतिमाह किया है। नंदा गौरा की सौगात के चलते प्रदेश में 323 करोड़ की धनराशि हजारों बालिकाओं को दिए जाने का प्रावधान भी किया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत सरकार ने 4944 महिलाओं को लाभ दिया है। जिसमें डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में 115 करोड़ की धनराशि निर्गत की गई है। वही महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत हजारों महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। इतना ही नहीं रक्षाबंधन जैसे पर्व पर परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर किए जाने की सौगात दी गई। पैतृक संपत्ति में पोषण के साथ लड़कियों के नाम दर्ज किए जाने की व्यवस्था की है।
बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत गौरा देवी कन्याधन योजना में मैदानी क्षेत्रों में कक्षा नौवीं की छात्राओं को 2850 साइकिल उपलब्ध कराई गई। आशा संगिनी एप भी लॉन्च किया गया है। जिसमें आशा बहनों को ऑनलाइन वेतन दिया जाएगा। जिसकी मॉनिटरिंग का काम भी राज्य सरकार करेगी। प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए गौरव शक्ति की शुरुआत की गई है। महिलाओं को सशक्त और समर्थ समाज देने के उद्देश्य को लेकर महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 7 करोड़ की धनराशि भी आवंटित की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने कहा कि लोकसभा और नगर निगमों के चुनाव में महिलाओं की भूमिका को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले से ही चुनाव में महिलाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की बात कही थी लेकिन अब पार्टी ने इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को पूरा सम्मान दिया जाता है। जीतने वाली महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरे देश में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ प्रदेशों में होने वाले चुनाव में पार्टी ने यह तय किया है कि वह महिलाओं को भी टिकट देगी।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश प्रभारी रेखा कुमारी, भावना रावत, महापौर अनीता ममगाईं, प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि भट्ट, मोहनी पोखरियाल, सोनू कक्कड़, प्रदेश मंत्री रीता चमोली, प्रिंसी रावत, अंजलि नैथानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा शर्मा, जिलाध्यक्ष कोटद्वार पकिर्ण नेगी, जिलाध्यक्ष टिहरी इंदिरा आर्य, जिलाध्यक्ष ऋषिकेश कविता शाह, जिला उपाध्यक्ष रोमा सहगल, मीडिया प्रभारी नीलम चमोली, विनिता नौटियाल, मीनाक्षी भंडारी आदि मौजूद थे।