![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2022/12/Fog-in-Uttarakhand.jpg)
Weather Update Uttarakhand : उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। आगे भी बारिश की संभावनाएं नहीं हैं। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने की अनुमान है।
प्रदेश में सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के चलते मौसम इनदिनों शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग उत्तराखंड के अनुसार अगले कुछ दिन अधिकांश इलाकों में मौसम के शुष्क ही रहने का अनुमान है। विभाग ने उधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपदों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है।
सुबह की कड़क ठंड के बाद दिन में धूप खिलने से जरूर कुछ राहत मिल रही है, जो कि शाम ढलते ही फिर से कड़ाके की सर्दी में तब्दील हो जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार तक प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है। 19 दिसंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि संभव है। जो कि 21 दिसंबर को फिर से बढ़कर 22 डिग्री हो सकता है।
22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 08 से 09 डिग्री के करीब रहेगा। 20 दिसंबर और 25 दिसंबर को देहरादून के आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। विभाग के मुताबिक 25 दिसंबर तक बारिश के कोई आसार नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर 25 दिसंबर क्रिसमस के बाद बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 26 और 27 दिसंबर को उत्तरकाशी व चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है।