Heavy Raining: नौगांव और पुरोला के बाद अब विकासनगर और जौनसार क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालातों की खबरें आई हैं। विकासनगर में बीती रात भारी बारिश ने लोगों की नींद उड़ा दी, तो जौनसार बावर क्षेत्र में तड़के बादल फटने से बारिश ने तबाही मचाई है। वहीं क्षेत्र में कई जगह पहाड़ दरकने से सड़कें बाधित हो गई हैं। हर तरफ बारिश ने मचाई तबाही के निशान नजर आ रहे हैं। गनीमत यह कि फिलहाल कहीं से जनहानि की खबर नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विकासनगर में बीती रात भारी बारिश के चलते छरबा गांव स्थित गोरखा बस्ती में उफनाई शीतला नदी का पानी घरों में घुस गया। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू कर घरों में फंसे बच्चों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें सुरक्षित जगहों पर भेज दिया गया है।
उधर, बुधवार की पूरी रात जौनसार बावर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद आज तड़के बादल फटने की खबर है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे मसराड गांव के पास बादल फटा। जिसके बाद बोल्डर के साथ आए मलबे ने गढे़ता गांव में प्राइमरी स्कूल को जमींदोज कर डाला। अब गांव को भी खतरा बताया जा रहा है। ग्रामीण सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। चापनु में भी एक खोखे के बहने की सूचना है।
वहीं, त्यूणी, चकराता, कालसी तहसील क्षेत्र में भी अतिवृष्टि का असर जनजीवन पर पड़ा है। कई जगह जलभराव से लोग परेशान हैं। वहीं क्षेत्र की अधिकांश सड़कें भी अवरूद्ध हो गई हैं। उफनाई यमुना नदी का असर उसके किनारों के क्षेत्र अंबाड़ी, नवाबगढ़ डाकपत्थर, भीमावला, ढकरानी, ढालीपुर, कुंजा, कुल्हाल आदि भी दिखाई दे रहा है।