मुनिकीरेतीः पालिका खोलेगी दुकान, मिलेगा बाजार से सस्ता सामान

Rishikesh News: ऋषिकेश। नगरपालिका मुनिकीरेती-ढालवाला ने क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने के उद्देश्य से एक नायाब तरीका ढूंढ़ निकाला है। जिसके तहत पालिका प्लास्टिक के विकल्प वाले सामानों की दुकान खोलेगी। यहां दुकानदारों को बाजार भाव से कम दाम पर कागज और कपड़े से बनी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
नगरपालिका मुनिकीरेती-ढालवाला के अधिशासी अधिकारी तनवीर मरवाह ने यह जानकारी दी। बताया कि प्लास्टिक कचरे को रोकने के लिए आम लोगों को विकल्प दिया जाना जरूरी है। पालिका ने इस दिशा में ऐसे सामान की दुकान खोलने पर विचार किया है। जहां प्लास्टिक के विकल्प के तौर पर कागज के थैले, डिस्पोजल, स्ट्रा, लकड़ी के चम्मच और कपड़े के थैले उपलब्ध होंगे।
बताया कि पालिका की इस पहल के तहत रेहड़ी पटरी के साथ ही अन्य दुकानदारों को बाजार भाव से भी कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराया जाएगा। ताकि वह प्लास्टिक के विकल्प को स्वयं अपनाने के साथ ही ग्राहकां भी जागरूक कर सकें। कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम के लिए जनजागरूकता के साथ ही क्षेत्र में छापामारी अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
प्लास्टिक के खिलाफ छापामारी
नगरपालिका मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। मंगलवार को छापामार टीम ने ढालवाला में दुकानों, रेहड़ी आदि का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन चालान काटकर संबंधित से बतौर जुर्माना तीन हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने नगरवासियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। साथ ही उपयोगकर्ताओं को कार्रवाई के लिए भी चेताया।