Sports: 48 मेडल लेकर लौटे बच्चों का केवि में जोरदार स्वागत

रायवाला/ऋषिकेश। संभागीय खेल प्रतियोगिताओं में केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने 48 मेडल जीतकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया। बच्चों के वापस लौटने पर विद्यालय में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
देहरादून संभाग के अलग-अलग विद्यायलों में तीन दिनों तक आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में केंद्रीय विद्यालय रायवाला के 60 बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने 02 स्वर्ण, 14 रजत और 32 कांस्य पदक जीते। ताइक्वांडो के अंडर 14 में हिमांशु ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। जबकि स्वस्ति बडोनी ने 200 मीटर रेस में गोल्ड, 100 मीटर और लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल जीते।
विद्यायल की फुटबॉल टीम ने बालक वर्ग अंडर 14 और अंडर 17 में कांस्य पदक तो खो-खो के अंडर 14 बालिका वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं ताइक्वांडो अंडर 14 में सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल अमन और देवराज नेगी के नाम रहे। एथलेटिक गर्ल्स में नितिका नेगी ने तीन किमी. वॉक रेस में सिल्वर, अंशु यादव ने 400 मीटर में ब्रौन्ज मेडल जीते।
विद्यालय में प्राचार्य रमेश शर्मा और शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। खेल शिक्षक मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि तैयारी के लिए कम समय मिलने के बाद भी बच्चों ने प्रतियागिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया है।