SIR: अधिकारी नोटिसों की सुनवाई पर करें फोकसः CEO

SIR Uttarakhand : देहरादून, 1 अगस्त। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों से अगले तीन सप्ताह इस कार्य पर विशेष ध्यान केंद्रित करने को कहा है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस से जिलाधिकारियों के साथ एसआईआर अभियान के दूसरे फेज की समीक्षा की। निर्देश दिए कि डीएम, एडीएम और एसडीएम कार्यालयों में केवल राजनीतिक दलों के साथ बैठक के समय ही बैठें। अन्य समय में वे फील्ड भ्रमण कर सुनवाई प्रक्रिया की निगरानी करें और जनता के बीच मौजूद रहें।
उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश नोटिस की सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाता है तो उसे पर्याप्त समय देते हुए दोबारा सुनवाई का अवसर दिया जाए, ताकि किसी भी मतदाता को असुविधा न हो।
सीईओ ने सभी जिलों को सप्ताह में दो बार राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उनका फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त दलों के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के सुझाव भी लिए जाएं। साथ ही, सीईओ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिलावार फील्ड भ्रमण कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बीएलओ के साथ समन्वय बनाए रखने और 100 से अधिक नोटिस वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का ने बीएलओ सुपरवाइजरों और बीएलओ के प्रशिक्षण सत्र क्लस्टर स्तर पर नियमित रूप से आयोजित करने को कहा।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।



