अब घोड़े खच्चरों के लिए खुला केदारनाथ पैदल मार्ग

रुद्रप्रयाग। अतिवृष्टि के कारण बंद केदारनाथ पैदल मार्ग पर 26 दिनों के बाद बाद घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसके साथ ही केदारनाथ धाम के लिए राशन और आवश्यक सामग्री भी पहुंचाई जाने लगी है।
बीते महीने 31 जुलाई को अतिवृष्टि के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग भी बंद हो गया था। आम लोगों के साथ ही घोड़े- खच्चरों की आवाजाही भी थम गई थी। 26 दिनों बाद गौरकुंड से आगे पैदल यात्रा मार्ग को घोड़े- खच्चरों के लिए खोल दिया गया है। अब केदारनाथ के लिए घोड़े खच्चर पहुंचने शुरू हो गए हैं।
बता दें कि अतिवृष्टि के बाद प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की निगरानी में चले रेस्क्यू अभियान में हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके बाद प्रशासन ने पैदल मार्ग को तेजी से दुरुस्त किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा से 19 किलोमीटर पैदल मार्ग 29 जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। जिलाधिकारी के निर्देशन व निगरानी में तेजी से काम होने के चलते पैदल मार्ग के बाद घोड़े खच्चरों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।