
ऋषिकेश। देहरादून से दोस्तों के साथ घूमने आया एक 17 वर्षीय किशोर के त्रिवेणीघाट पर गंगा नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने सर्च अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 7ः40 बजे की बताई जा रही है। देहरादून निवासी चार किशोर अपने घरों से मंदिर जाने की बात कहकर ऋषिकेश पहुंचे थे। त्रिवेणीघाट पर स्नान के दौरान एक किशोर का चश्मा गंगा में गिर गया। चश्मा पकड़ने के लिए वह जैसे ही आगे बढ़ा अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया। कुछ दूरी तक बहने के बाद वह नदी की धारा में ओझल हो गया।
घाट पर मौजूद रेस्क्यू कर्मियों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। लापता किशोर की पहचान आयुष थापा (17) पुत्र सुनील थापा, निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून के रूप में हुई है। प्रशासन ने लोगों से केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है।



