चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को करें और भी मजबूतः सीएस
मानसून तैयारियों, स्वास्थ्य जांच और होल्डिंग एरिया की व्यवस्था पर जोर

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारों धामों में श्रद्धालुओं को दर्शन सुगमता और सरलता से हो सकें, इसके लिए जिला प्रशासन, बीकेटीसी और अन्य हितधारकों को आपसी समन्वय के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में पूर्व वर्षों की भांति रात्रिकालीन दर्शन व्यवस्था भी संचालित की जा सकती है। साथ ही यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
मानसून सीजन को देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी जनपदों को भारी वर्षा और भूस्खलन की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने होल्डिंग एरिया सक्रिय करने, निकासी योजना तैयार रखने और राशन व अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होने पंजीकरण के साथ स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने और बुजुर्ग, छोटे बच्चों व बीमार लोगों को यात्रा से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, सचिव विनोद कुमार सुमन, धीराज गर्ब्याल, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन आदि मौजूद रहे।



