हरिद्वार

राष्ट्र निर्माण में कलौता समाज की अहम भूमिकाः धामी

सीएम ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की धर्मशाला का किया लोकार्पण

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की नई धर्मशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय आर्म्ड पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आनंद धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्धारित स्थलों पर ही धार्मिक आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर हरी चेतनानन्द, मंत्री मध्यप्रदेश कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, पूर्व विधायक देपालपुर इन्दौर विशाल पटेल, उपाध्यक्ष आनंद ट्रस्ट धर्मशाला संतोष पटेल, अध्यक्ष महाकालीका ट्रस्ट इन्दौर आशाराम सिसोदिया, अध्यक्ष देवास छात्रावास सीताराम पटेल, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, एसडीएम जितेन्द्र कुमार, योगेश मेहरा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button