
ऋषिकेश। शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान राजस्थान का एक युवक डूब गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने युवक की तलाश में शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर करीब 1ः30 बजे की है। राजस्थान से ऋषिकेश घूमने आए पांच दोस्त गंगा नदी में नहा रहे थे। इसबीच वेद प्रकाश (24) पुत्र गिरिराज निवासी चचियावास, अलवर (राजस्थान) अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में ओझल हो गया।
सूचना के बाद एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। प्रशिक्षित गोताखोरों ने गंगा नदी में युवक की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
बताया गया कि सभी युवक राजस्थान की एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। एसडीआरएफ ने लोगों से गंगा नदी के तेज बहाव को देखते हुए गहरे और अनजान स्थानों पर स्नान करने से बचने की अपील की है।



