
Weather In Uttarakhand : उत्तराखंड में हफ्तेभर से आसमान साफ है। अधिकांश इलाकां में चटख धूप खिली है। जिसके चलते तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण सोमवार से मौसम करवट बदल सकता है।
उत्तराखंड में इनदिनों चटख धूप ठंड से राहत दे रही है। मैदानी क्षेत्रों में जरूर कोहरा परेशानियों का सबब बना हुआ है। सप्ताहभर से प्रदेश में चटख धूप खिलने पर कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से चार-पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, सुबह-शाम सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते सोमवार से मौसम करवट बदल सकता है। बताया कि जनपद उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं। जबकि निचले हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है।