
पौड़ी (गढ़वाल), 3 अगस्त। महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में पौड़ी जिला प्रशासन ने बस अड्डे पर ’अमृत कक्ष’ (फीडिंग रूम) की शुरुआत की है।
सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बाल विकास विभाग की ओर से निर्मित इस सुविधा का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बस अड्डे का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अमृत कक्ष की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लाभार्थी महिला से फीडबैक लिया। कहा कि यह कक्ष धात्री माताओं को यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और गरिमापूर्ण वातावरण में शिशुओं को स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इस दौरान उन्होंने एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंट कर उसका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि बस अड्डे पर महिलाओं व किशोरियों की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित की जा रही है। इसी प्रकार कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भी पिछले दो माह से ऐसी मशीनें कार्यरत हैं।
बस अड्डे के शौचालयों के निरीक्षण में कई कमियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित जलापूर्ति और आवश्यकतानुसार टोंटियां लगाने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त कुर्सियां, अव्यवस्थित सामग्री और दीवारों पर अनधिकृत पोस्टर भी पाए गए। डीएम ने सभी टूटी कुर्सियां बदलने, सामग्री के सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए कैबिनेट स्थापित करने और बस अड्डे के सौंदर्यीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने कहा कि अमृत कक्ष और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन से सार्वजनिक स्थानों पर आने वाली महिलाओं और किशोरियों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मौके पर एआरटीओ एनके ओझा, मंगल सिंह, ईओ पालिका संजय कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, नरेंद्र टम्टा, अरविंद रावत आदि मौजूद रहे।



