देहरादून

गुरू पूर्णिमा पर सीएम धामी ने मां के साथ किया पौधारोपण

-कैनाल रोड गंगोत्री विहार में MDDA द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। गुरु पूर्णिमा पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माताजी के साथ पौधारोपण किया। कहा कि जीवन में व्यक्ति की सबसे पहली गुरू मां ही हैं। ऐसे में मां के नाम पौधारोपण अभियान में शामिल होना सौभाग्य से कम नहीं है।

रविवार को कैनाल रोड स्थित गंगोत्री विहार में रिस्पना नदी के किनारे खाली भूमि पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने अपनी मां बिशना देवी के नाम से पौधारोपण किया। उनकी माताजी भी साथ में मौजूद थी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम लगाने की देशवासियों से अपील की थी। राज्य में इसे अभियान के रूप में लिया है। आह्वान किया कि इस मानसून में मां के नाम एक पेड़ जरूर लगाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व से 15 अगस्त तक राज्य में बृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान से सामाजिक संस्थाओं, पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों, स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ा गया है। राज्य से ग्राम पंचायत स्तर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जिस भूमि पर यह पौधारोपण किया जा रहा है, यहां आने वाले दिनों में पार्क का निर्माण किया जाएगा। बताया कि शुरुआती चरण में भूमि की चारों ओर से फेंसिंग कराई जाएगी, ताकि जानवर पौधों को नुकसान न पहुंचा सकें। यहां पर पैदल ट्रैक के निर्माण के साथ इस तरह के पौधों को लगाया जाए जिससे यहां बायो डाइवर्सिटी को भी बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने अपनी माताजी सावित्री देवी के नाम से भी पौधारोपण किया।

मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, गणेश जोशी, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली आदि ने भी पौधरोपण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button