मैराथन से दिया स्वच्छ गंगा-स्वच्छ ऋषिकेश का संदेश

ऋषिकेश, 1 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष में नव मधुबन आश्रम की ओर से स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश-मुनि की रेती-ढालवाला मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन आयोजित किया गया। मैराथन में करीब 450 बच्चों ने प्रतिभाग कर स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान, नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, समाजसेवी कमल सिंह राणा, नव मधुबन आश्रम के महासचिव राजीव कालरा, ज्योति शर्मा, अशोक नेगी और ब्लू राइडर साइकिल क्लब सदस्यों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन दौड़ नव मधुबन आश्रम से शुरू होकर देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी और चौदहबीघा पुल होते हुए वापस आश्रम परिसर में संपन्न हुई। इस अवसर पर आश्रम अध्यक्ष परमानंद दास महाराज ने प्रतिभागी बच्चों को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की।
महापौर शम्भू पासवान ने मैराथन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने वाली सार्थक पहल बताया। कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान बताया गया कि मैराथन के दोनों वर्गों के विजेताओं को तीन सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रमों के तहत दो सितंबर को पेंटिंग, क्विज और श्लोक पाठ प्रतियोगिताएं होंगी। तीन को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग व फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण होगा। चार सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी और पांच सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा।



