आपदा पीड़ितों के लिए ‘हंस फाउंडेशन’ की 11 करोड़ की मदद
सीएम धामी को माता मंगला और भोले महाराज ने सौंपा सीएम राहत कोष के लिए चेक

Hans Foundation Help : देहरादून। हंस फाउंडेशन के संस्थापक माता मंगला और भोले महाराज ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी को 11 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। फाउंडेशन ने यह राहत राशि आपदा पीड़ितों की मदद के लिए प्रदान की है। जिसपर सीएम ने उनका आभार जताया।
सोमवार को माता मंगला और भोले महाराज ने कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान राहत राशि पर धामी ने कहा कि हंस फाउंडेशन हमेशा से राज्य सरकार का मददगार रहा है। संस्था आपदा और अन्य जरूरी मौकों पर हंस फाउंडेशन सेवा के कार्यों में हमेशा आगे रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि कोरोना काल में भी हंस फाउंडेशन द्वारा अनेक तरह से सेवा के कार्य किए गए। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में हंस फाउंडेशन द्वारा राज्य सरकार को लगातार सहयोग दिया जा रहा है। साल 2022 में कोरोना के दौरान हंस फाउंडेशन ने सरकार की मदद की थी।
बताया कि हंस फाउंडेशन ने तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ 51 लाख रुपए का चेक भेंट किया था। साल 2021 में हंस फाउंडेशन ने प्रदेश के 12 सरकारी डिग्री कॉलेजों को 50-50 लाख की धनराशि देने का ऐलान किया था। जुलाई 2021 में हंस फाउंडेशन ने राज्य को 30 एंबुलेंस भेंट की थी. साथ ही 20 ट्रूनेट जांच मशीनें और 500 ऑक्सीजन सिलेंडर प्रदान किए थे।