देहरादून
छोटे-छोटे पैकेजों में बांटे जाएं बड़े कॉन्ट्रैक्टः महाराज

देहरादून, 13 अगस्त। लोक निर्माण, सिंचाई व ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के बड़े ठेकों को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित करने की मांग की।
महाराज ने कहा कि बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने से स्थानीय ठेकेदारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विकास कार्यों में स्थानीय सहभागिता बढ़ेगी, कार्यों के क्रियान्वयन में गति आएगी और क्षेत्रीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपाल महाराज के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक परीक्षण व सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।



