
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में 16431.72 लाख लागत की कुल 49 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 11242.94 लाख की 37 योजनाओं का लोकार्पण और 5188.78 लाख की 12 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इस दौरान सीएम ने टिहरी यूथ क्लब का उद्घाटन, देवप्रयाग के वैष्णो माता ग्राम संगठन के हिलांस तुलसी चाय उत्पाद का अनावरण और पर्यटन आवास गृह सुनहरीगाड जाखणीधार की चाबी का हस्तांतरण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित भी किए। वहीं उन्होंने टिहरी जिले की विधानसभाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। इसबीच उन्होंने समारोह में कारगिल शहीद दिनेश दत्त बहुगुणा की माता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सीएम ने कहा कि वर्षों पहले उनका टिहरी आना-जाना हुआ। आज टिहरी झील देखकर स्मृतियां ताजा हो गई। टिहरी के लोग सौभाग्यशाली हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने के अनुसार जल्दी से जल्दी टिहरी झील में सी प्लेन उतारा जाएगा। टिहरी को अत्याधुनिक शहर बनाने के लिए विश्व स्तरीय कंसल्टेंट हॉयर किए जाएंगे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक धन सिंह नेगी, प्रीतम सिंह पंवार, शक्तिलाल शाह, विजय सिंह पंवार ‘गुड्डू’, टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवान, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट आदि मौजूद रहे।