
उत्तरकाशी (Uttarkashi Helicopter Crash)। गंगोत्री की यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों का एक हेलिकॉप्टर गंगनानी के पास क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि एक घायल को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। हेलि हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दुख जताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुवार को पौने 09 बजे एयरोट्रांस कंपनी का एक हेलिकॉप्टर ने मुंबई और आंध्रप्रदेश के यात्रियों को लेकर देहरादून सहस्त्रधारा हेलिपैड से उड़ान भरी थी। जनपद के गंगनानी के पास पहुंचते ही हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, मेडिकल और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे।
हेलिकॉटर में पायलट समेत सात लोग सवार थे। जिनमें से छह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक घायल यात्री को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। मृतकों में काला सोनी (61), विजया रेड्डी (57), रुचि अग्रवाल (56) तीनों निवासी मुंबई, राधा अग्रवाल (79) निवासी यूपी, वेदवती कुमारी (48) आंध्र प्रदेश, पायलट रॉबिन सिंह (60) गुजरात के रूप में पहचान हुई है। घायल मस्तू भास्कर (51) आंध्रप्रदेश को उपचार के लिए एम्स भेजा गया।
मुख्यमंत्री धामी ने हेलिकॉप्टर हादसे पर जताया दुख
गंगनानी में हेलिकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया। कहा कि कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हरसंभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
पर्यटन मंत्री महाराज ने दुख प्रकट किया
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने हेलिकॉप्टर क्रैश में छह लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। घायल यात्री के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। बताया कि प्रशासन को हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं।