
उत्तराखंड की सियासत में एक और कदावर नेता ने घर वापसी कर ली। पांच दिन के इंतजार के बाद आज आखिर कार कांग्रेस ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत को स्वीकार कर ही लिया। उनके उनकी बहू अनुकृति गुसाई भी कांग्रेस में शामिल हो गई है। उन्हें लैंसडाउन से टिकट मिल सकता है। अनुकृति को कांग्रेस स्टार प्रचारक के तौर पर भी उतार सकती है।
भाजपा से निष्कासित होकर हरक सिंह रावत ने कांग्रेस का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन 2016 की टीस से भरे पूर्व सीएम हरीश रावत की नाराजगी के चलते उनकी कांग्रेस में इंट्री टलती जा रही थी। यहां तक अनुमान लगाया जाने लगा था कि हरक सिंह वापस भाजपा में भी आ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि आज हरक सिंह ने कांग्रेस के वार रूम में पहुंचकर हरीश रावत के कहे अनुसार 2016 की गलती को स्वीकार किया, और फिर हरदा की मौजुदगी में कांग्रेस ज्वाइन की। उनके साथ बहू अनुकृति गुसाईं ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्हें लैंसडाउन से मैदान में उतारा जा सकता है।
वहीं हरक सिंह कहां से चुनाव मैदान में उतरेंगे या वह इसबार चुनाव नहीं लड़ेंगे, इसपर सस्पेंस बरकरार है। बताया जा रहा है कि हरक सिंह की ज्वाइनिंग के चलते ही कांग्रेस की लिस्ट में देरी हो रही थी। दिल्ली में इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद रहे।