चंपावतयात्रा-पर्यटन

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का प्रथम दल रवाना

सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, बोले- राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है यात्रा

टनकपुर, 05 जुलाई। उत्तराखंड से संचालित कैलाश मानसरोवर यात्रा का रविवार को टनकपुर से शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीएम ने श्रद्धालुओं की सुखद व सफल यात्रा की कामना की।

यात्रियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि यह देश की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार के ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रियों से स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की खरीद कर सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का भी आह्वान किया।

शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दल में एक चिकित्सक सहित देश के 13 राज्यों के कुल 49 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिला श्रद्धालु हैं। यह दल भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करता है। दल में राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ और गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा श्रद्धालु हैं।

इससे पूर्व शनिवार को टनकपुर पहुंचे कैलास मानसरोवर यात्रियों के दल का पारंपरिक छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक संध्या के साथ स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, एमडी केएमवीएन विनीत तोमर, डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, जीएम केएमवीएन मनोज कुमार, एसडीएम प्रमोद कुमार, जनप्रतिनिधि, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी और ग्रेफ के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button