पौड़ी गढ़वाल

महिलाओं को स्वावलंबी बना रही है सरकारः महाराज

एकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 22 जुलाई। लखपति दीदी योजना का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना भी है। आज देशभर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करोड़ों महिलाएं अपने परिश्रम और कौशल के बल पर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।

यह बात कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चौबट्टाखाल सतपाल महाराज ने बुधवार को एकेश्वर (पणखेत) विकासखंड मुख्यालय पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “लखपति दीदी सम्मेलन“ में कही। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, “नमो ड्रोन दीदी योजना“ और विशेष रूप से “लखपति दीदी सम्मेलन“ अभियान के द्वारा लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति सदैव परिश्रमी, संघर्षशील और साहसी रही है। अब समय आ गया, हम उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता से जोड़कर और अधिक सशक्त बनाएं। कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है, महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र चौबटाखाल की 48 लखपति दीदी बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नूतन तनू पंत समेत समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 48 वरिष्ठ महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।

मौके पर महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा सजवाण, मोहिना रावत, जिलाध्यक्ष प्रमिला भण्डारी, महिला मोर्चा गढ़वाल संयोजक प्रभारी रेखा डंगवाल, जिला सह प्रभारी सुनीता कोटनाला, जिपं अध्यक्ष रचना बुटोला, महामंत्री महिपाल सिहं नेगी, सम्मेलन संयोजक रेनू घिल्डियाल, पुष्पा असवाल, नीलम रावत, मीना गुसांई, राकेश नैथानी, मधुबाला, रजनी मोर्या आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button