Uttarakhand: होली पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की होली को लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्यौहारों के मद्देनजर गृह और पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कहा कि राज्य की सीमाओं पर निगरानी के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
शुक्रवार को सीएम धामी ने होली पर कानून व्यवस्था के दृष्टिगत गृह और पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। निर्देशित किया कि होली को लेकर पुलिस विभाग पुख्ता इंतजाम करे। प्रदेश की सीमा से लगे जनपदों में विशेष सर्तकता बरती जाए। पुलिस महानिदेशक को सभी एसएसपी के साथ तैयारियों की समीक्षा के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रदेश में होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अव्यवस्था या अप्रिय घटना न होने पाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नही की जाएगी। साथ ही व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने को भी कहा। असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जाए। पुलिस तंत्र फील्ड पर सतर्क व सक्रिय रहे।
धामी ने कहा कि उल्लास और उमंग का यह पर्व देवभूमि उत्तराखंड में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार भी मौजूद थे।