Avalanche: आज 7 पर्वतारोहियों के शव मिले, 4 उत्तरकाशी पहुंचे
द्रौपदी का डांडा-2 में प्रशिक्षण को गया निम का दल, अब तक 26 शव बरामद

Uttarkashi Avalanche: उत्तरकाशी के द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत पर प्रशिक्षण को गए नेहरु पवर्तारोहण संस्थान (NIM) के 29 सदस्य हिमस्खलन (Avalanche) की चपेट में आ गए थे। जिनमें से पर्वतारोहियों के 26 सदस्यों के शव बरामद हो गए हैं। 3 सदस्यों की अभी भी तलाश जारी है। पर्वतारोहियों के 4 शवों को आज उत्तरकाशी लाया गया। जिनकी पहचान कर ली गई है।
उच्च हिमालय में प्रशिक्षण के लिए निम का 42 सदस्यीय पर्वतारोहियों का दल 23 सितंबर को द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत पर गया था। जहां चार अक्टूबर को दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया। तभी से जारी रेस्क्यू से अब तक विपरीत मौसम की चुनौतियों के बीच एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, निम और हाई एल्टीट्यूड वार वेलफेयर स्कूल गुलमर्ग की टीम द्वारा 26 सदस्यों के शव बरामद कर लिया गया।
रेस्क्यू टीम ने आज पर्वतारोहियों के 7 शव बरामद किए। 3 सदस्यों की तलाश जारी है। लापता पर्वतारोहियों के सदस्यों में से 4 के शव घटना वाले दिन ही मिल गए थे। वहीं 6 अक्टूबर को पर्वतारोहियों के 17 शव मिले थे। द्रौपदी का डांडा में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में 2 चीता हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया है।
पर्वतारोहियों के चार शवों को आज पहले हर्षिल हैलीपैड लाया गया, उसके बाद एंबुलेंस से उन्हें उत्तरकाशी लाया गया। जिनकी पहचान निम प्रशिक्षक सविता कंसवाल, नौमी रावत उत्तरकाशी, अजय बिष्ट अल्मोड़ा और शिवम कैंथोला हिमाचल के रूप में हुई है। मौसम खराब होने पर अन्य शवों को आज उत्तरकाशी नहीं लाया जा सका। शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है।